Home » एक अप्रैल को एसईसीएल मुख्यालय में आक्रोशित रैली व तालाबंदी का ऐलान, सम्मेलन में हुआ निर्णय
कोरबा

एक अप्रैल को एसईसीएल मुख्यालय में आक्रोशित रैली व तालाबंदी का ऐलान, सम्मेलन में हुआ निर्णय

कोरबा ।  खदान क्षेत्र के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान व परिचर्चा का आयोजन ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सदस्य, जनपद सदस्य और सरपंच पंच और नगरीय निकाय के पार्षद शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान एसईसीएल के गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, कोरबा क्षेत्र के खदानों से प्रभावित ग्रामों के सात जनपद सदस्य, 35 सरपंच, 10 पार्षद, उपसरपंच और पंचों को प्रकृति के प्रतीक हरा गमछा और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल ने ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के कार्यो की प्रशंसा की और कहा कि संगठन के आंदोलनों से कई महत्वपूर्ण फैसले आए हैं, जिससे भूविस्थापित परिवारों को लाभ मिला है।

इसके अलावा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल ने कहा कि ऊर्जाधानी संगठन एकमात्र ऐसा संगठन है, जो भूविस्थापितों की अधिकार के लिए लड़ रही है और सभी पंचायत प्रतिनिधियों को इसके लिए मजबूत करने के लिए अपना योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष सपुरन कुलदीप ने एक अप्रेल को नए वित्तीय वर्ष के शुरू दिन में एसईसीएल मुख्यालय में आक्रोश रैली और तालाबंदी करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी प्रतिनिधियों ने समर्थन किया।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने बताया कि एसईसीएल के द्वारा प्रभावित क्षेत्र में उनके अधिकारों का हनन किया जाता है, जिसे लेकर आए दिन आंदोलन और हड़ताल होते रहते हैं। इस समिति के माध्यम से लगातार विरोध किया जाता है। सभी लोग मिल-जुलकर होने वाली समस्याओं को दूर करेंगे और प्रबंधन को ग्रामीणों के हनन करने से रोका जाएगा।

Search