Home » लापता बालक की पड़ोसी गांव के कुएं में मिली लाश, मामला संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा छत्तीसगढ़

लापता बालक की पड़ोसी गांव के कुएं में मिली लाश, मामला संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। घर से दोस्तों के साथ नहाने के लिए तालाब गया सात वर्षीय बालक रहस्यमयढंग से लापता हो गया। परिजन उसकी खोजबीन में लगे रहे। इसी दौरान अंतिम बार बालक को गांव के ही एक युवक के साथ देखे जाने की बातें सामने आई। ग्रामीणों के पूछताछ करने पर युवक गुमराह करता रहा, लेकिन वह पुलिस के सामने ज्यादा देर नही टिक सका। उसकी निशानदेही से पुलिस ने पड़ोसी गांव के कुएं से बालक का शव बरामद किया है। मामले में संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पाली थानांतर्गत ग्राम पंचायत डोंगानाला के आश्रित ग्राम गणेशपुर में शिव कुमार खुरसेंगा निवास करते हैं। वे खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि गुरूवार की दोपहर करीब 12 बजे उनका 7 वर्षीय पुत्र अयान खुरसेंगा अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के ही तालाब में नहाने गया था। उसके दोस्त से घर लौट गए, लेकिन अयान काफी देर बाद भी घर नही पहुंचा। जिससे परिजनों को चिंता सताने लगी। वे बालक की खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान उसे अंतिम बार गांव के ही रंजित नामक युवक के साथ देखे जाने की जानकारी मिली। परिजनों ने रंजित से बालक के संबंध में पूछताछ की, लेकिन उसने अनभिज्ञता जाहिर कर दी। जब दूसरे दिन भी बालक का कोई सुराग नही मिला तो परिजनों ने खोजबीन में सहयोग के लिए बैठक आयोजित की।

बैठक में सरपंच पत्रिका खुरसेंगा के अलावा अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे। परिजनों को बालक के लापता होने पर रंजित का हाथ होने का संदेह था। लिहाजा रंजित से पूछताछ शुरू की गई, लेकिन वह मुंह खोलने तैयार ही नही था। वह लगातार अंजान बनते हुए ग्रामीणों को गुमराह करता रहा। इसी बीच पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो पहले वह गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन पुलिस के सामने ज्यादा देर नही टिक सका। पुलिस ने पड़ोसी गांव करतली के कुएं बालक के शव को बरामद कर लिया। पुलिस को निरीक्षण के दौरान मृत बालक के सिर व माथे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। बहरहाल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए मृत बालक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

Search

Archives