कोरबा। कोरबा और बिलासपुर के बीच चलती बसों में यात्रियों से सोने की चेन झपटने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 8 हजार रुपये बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी एक दंपत्ति काम के सिलसिले में बिलासपुर गया था। वापस लौटते समय दोनों नेहरू चौक से बस में सवार हुए। बस में अधिक भीड़ होने के कारण दोनों खड़े होकर सफर कर रहे थे। इसी दौरान महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं और शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिला से जानबूझकर धक्का-मुक्की करने लगीं।
भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने महिला के गले से सोने की चेन निकाल ली और रतनपुर के पास बस से उतर गईं। बस खाली होने पर महिला को चेन चोरी होने की जानकारी हुई, जिसके बाद रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान ग्राम कोनकोना और ठिहईभाठा, थाना बांगो क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने कोरबा पुलिस की मदद से कोनकोना में दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बस में धक्का-मुक्की कर चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, चोरी की चेन गिरोह की एक अन्य महिला निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपये में बेची गई थी। इसमें से 12 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि शेष 8 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। फरार महिला की तलाश जारी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें रतनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।







