कोरबा। रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर शनि मंदिर स्थित है। यहां कई बार असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। मौका मिलते ही ये असमाजिक तत्व लोगों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम भी देते हैं। इसी तरह का एक मामला सामने आया है। शनि मंदिर के पास एक लोको पायलट इन असमाजिक तत्वों का शिकार हुआ है। उनके साथ मारपीट की गई है। मामले की शिकायत लोको पायलट ने पुलिस से की है। रेलवे लोको पायलट ने बताया कि अक्सर रेलवे कर्मचारी इस तरह के आतंक का शिकार होते रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित राकेश कुमार साहू पिता बलदाऊ साहू सहायक लोको पायलट के पद पर भारतीय रेलवे से कोरबा लॉबी में पदस्थ है। उसने पुलिस को बताया कि वह 13 जुलाई की रात लगभग 11:30 अपने ड्यूटी के लिए जा रहा था कि अचानक 2-3 लोग ऑटो में आकर शनि मंदिर नहर पुल के पास उसकी गाड़ी के सामने रास्ता रोकते हुए खड़े हो गए।
ऑटो का नंबर सीजी 12 बीपी 7576 था और वे लोग शराब के नशे में थे। हाथापाई कर दारु पीने के लिए पैसा व मोबाइल मांग रहे थे। उसमें से दो-तीन लड़के हाथापाई किये व गाड़ी का चाबी निकालने की कोशिश करने लगे। नहीं देने पर उनमें से एक ने दाहिने हाथ से लोको पायलट के बाएं गाल पर थप्पड़ जमा दिया। जिससे उसके बाएं गाल में काफी दर्द है। इन लड़कों में से एक का नाम गोलू बताया जा रहा है, बाकी लोगों का नाम वह नहीं जानता जो उसके साथी हो सकते हैं।
लोको पायलट ने बताया कि इस प्रकार की घटना रेलवे कर्मचारियों के साथ उस स्थान पर होती रहती है। पीड़ित ने कठोर से कठोर कार्यवाही कर इस प्रकार की होने वाली घटना पर अंकुश लगाने का आग्रह किया है। लिखित शिकायत पर कोतवाली में आरोपी गोलू और उसके साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस) 2023 की धारा 126(2), 115(2), 119(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।







