कोरबा। लापरवाहीपूर्वक किए जा रहे कार्य के कारण आज एक व्यवसायी बाल-बाल बच गया। लहराती रस्सी व्यवसायी के गले में फंदे की तरह फंस गई। गनीमत रही कि व्यवसायी ने समय पर खुद को संभाल लिया वरना दम घुट कर बड़ी अनहोनी हो सकती थी। गलती मानने और माफी मांगने की बजाय चालक और हमाल ने घायल व्यवसायी के साथ मारपीट को अंजाम दिया। उसे अंदरूनी चोटें भी आई हैं।
पीड़ित प्रार्थी राजू साहू पिता स्व.भुल्लन साहू, 52 साल, गुप्ता गली संजय नगर थाना कोतवाली के निवासी हैं। 14 मई को सुबह 10 बजे अपने मोटर सायकल से सामान लेकर सीतामणी से वापस घर आ रहे थे कि प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास वाहन क्र. CG 12 BM 9790 का चालक अपने वाहन से सामान उतार रहा था। ये लोग जो रस्सी खोल रहे थे, घुमा-घुमा कर रस्सी खोलने के दौरान राजू के गले में रस्सी फंस गई और करीब 20 से 30 मीटर तक फंदा लगी हालत में चले गए व मोटर सायकल से गिर पड़े।
राजू साहू के विरोध करने पर वाहन चालक मनोज चंद्रा उर्फ महेंद्र चंद्रा और मजदूर समीर चौहान भड़क गए। आरोपियों ने कहा, रस्सी फेंकेंगे तो फंसेगा ही और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने चोटिल राजू से मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर राजू को बचाया। घटना में राजू को अंदरूनी चोटें आई हैं।
घायल राजू साहू किसी तरह कोतवाली पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 12 BM 9790 के चालक महेंद्र चंद्रा और मजदूर समीर चौहान के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।







