Home » अज्ञात ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत
कोरबा • छत्तीसगढ़

अज्ञात ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत

कोरबा। जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरी में दशहरे के दिन घटित एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा हैं की एक अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आगे की कार्यवाही शुरू की।

जानकारी के अनुसार, छुरी क्षेत्र में एक तेज ट्रेलर ओवरटेक करने के दौरान एक बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी घटना स्थल पर पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर घटनास्थल से फरार गया। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत एवं एसआई राजेंद्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्यवाही की निगरानी की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्यवाही पूरी की। इसके बाद मृतक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कटघोरा भेज दिया गया, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज से ट्रेलर की तलाश

हादसे के बाद पुलिस अब दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रेलर की पहचान करने में जुटी हुई है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके और चालक तक पहुंचा जा सके।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। वाहन की पहचान होने और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल कटघोरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अज्ञात ट्रेलर की पहचान और मृतक युवक के परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Search