Home » अधिवक्ता के घर चोरी की वारदात का बड़ा खुलासा : दो मुख्य आरोपी के बाद अब चार अन्य आरोपी गिरफ्तार, माल खरीदने वाला व्यापारी भी दबोचा गया
कोरबा

अधिवक्ता के घर चोरी की वारदात का बड़ा खुलासा : दो मुख्य आरोपी के बाद अब चार अन्य आरोपी गिरफ्तार, माल खरीदने वाला व्यापारी भी दबोचा गया

कोरबा। कटघोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के घर हुई चोरी मामले में 4 अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले मामले में दो मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। कुल 6 आरोपी को पकड़ लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, सोने का बिस्किट एवं नगदी रकम बरामद किया गया है।

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पहले गिरफ्तार दो आरोपियों के बाद चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार दिनांक 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपियों द्वारा घर में रखे लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, जिसमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल एवं नगदी रकम चोरी कर ली गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जांच की जा रही थी। पूर्व में पुलिस द्वारा आरोपी अमित खांडे एवं गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया था।

जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों एवं चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी
▪️अमित खांडे
▪️गौतम कुमार जांगड़े
▪️सुशील शुक्ला
▪️गणेश दास
▪️अनिल नामदेव
▪️हिमेश सोनी (व्यापारी), निवासी चांपा जिला जांजगीर-चांपा

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात आरोपीगणों द्वारा व्यापारी हिमेश सोनी को बेच दिए गए थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को जांजगीर-चांपा जिले के चांपा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की निशानदेही एवं कब्जे से चोरी किए गए 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, 02 जोड़ी चांदी की पायल, लगभग 03 तोला सोने का बिस्किट, नगदी रकम एवं पूर्व में बरामद रानी हार सेट, झुमका, सोने की चेन सहित कुल लगभग 08 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है।  गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

Search

Archives