कोरबा । सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाली-गलौज, मारपीट एवं धमकी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना/चौकी स्तर पर सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र जटगा, थाना कटघोरा क्षेत्रांतर्गत एक आरोपी के विरुद्ध गंभीर अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है।
प्रार्थिया द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं मारपीट किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। उक्त बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत भी वैधानिक कार्यवाही की गई है। आरोपी राजेश दुबे 43 साल निवासी हुसैन थाना मुस्करा जिला हमीरपुर उत्तर प्रदेश हाल मुकाम बांधपारा गाड़ाफादा जग्गा कटघोरा कोरबा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।







