कोरबा/कोरबी। पसान थानांतर्गत चौकी कोरबी पुलिस ने अज्ञात हत्या का खुलासा किया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल 9 जून 2025 को प्रार्थी घूराऊ राम धनवार निवासी ग्राम घुमानीडॉड, थाना बांगो द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका पुत्र जानसाय उर्फ छोटू धनवार, 06 जून को अपनी मौसी फुलसुंदरी बाई धनवार, निवासी कोठीखरॉ के यहां मेहमानी के लिए गया था। 8 जून की रात 8 बजे वह खाना खाकर बाहर टहलने निकला और रात्रि में वापस नहीं आया।
अगले दिन खोजबीन के दौरान सुबह 9 बजे जानसाय की लाश मोहन राम धनवार के आंगन में रखे खाट पर मिली, जिसके शरीर पर लाठी-डंडे से मारपीट के गंभीर चोटों के निशान थे। प्रकरण में थाना चौकी कोरबी में अपराध क्रमांक 108/2025, धारा 103(1), 238 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के पर्यवेक्षण एवं बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा, कोरबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश कुमार जोगी तथा थाना पसान व चौकी कोरबी के अन्य स्टाफ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्य एवं सघन पूछताछ के आधार पर संदेही मोहन राम धनवार 45 वर्ष, निवासी कमीपारा, कोठीखरॉ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में मोहन राम ने हत्या की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
उसने पुलिस को बताया कि किया कि जानसाय धनवार पूर्व में उसके घर खपरा लगाने का कार्य कर चुका था एवं दिनांक 08 जून की रात शराब के नशे में गाली गलौज करने पर गुस्से में आकर उसने लाठी व नुकीली छड़ से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी से घटना में प्रयुक्त लाठी एवं कपड़े जप्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।







