कोरबा। कटघोरा वन मंडल के जल्के-तनेरा क्षेत्र में करीब 20 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी दल में शामिल एक दंतैल हाथी के गांव की ओर बढ़ने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
क्षेत्र में एक साथ करीब 20 हाथियों की मौजूदगी वन विभाग के लिए भी चुनौती बनी हुई है। हाथियों का दल लगातार अपना स्थान बदल रहा है। जंगल से सटे गांवों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों को अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने और हाथियों के करीब जाने से बचने की हिदायत दी गई है।
हाथियों के गांवों के करीब पहुंचने से ग्रामीणों को फसल और संपत्ति के नुकसान की भी चिंता सताने लगी है। हाथियों का दल यदि खेतों की ओर बढ़ता है तो खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। ऐसे में ग्रामीण वन विभाग से लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। वहीं ग्रामीण भय के साए में रात गुजारने को मजबूर हैं।







