Home » रेप के आरोपी को गिरफ्तार कराने के नाम पर पीड़िता से 45 हजार की ठगी
कोरबा • छत्तीसगढ़

रेप के आरोपी को गिरफ्तार कराने के नाम पर पीड़िता से 45 हजार की ठगी

कोरबा। रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवाने और उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई कराने का झांसा देकर एक युवती से 45 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि ठगी करने वाले व्यक्ति ने खुद को भीम आर्मी का कोषाध्यक्ष बताते हुए पुलिस अधिकारियों से करीबी संबंध और ऊंची पहुंच होने का दावा किया था। मामले में दर्री पुलिस ने आरोपी मनीष बर्मन, निवासी कोरबा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बांकीमोगरा थाना क्षेत्र की करीब 22 वर्षीय युवती ने निखिल रजक, पिता विष्णु रजक, निवासी नीलगिरी बस्ती, थाना दर्री के खिलाफ शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण किए जाने की शिकायत महिला थाना कोरबा में दर्ज कराई थी। शिकायत पर अपराध दर्ज कर अग्रिम जांच के लिए मामला दर्री थाना भेजा गया, जहां अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत विवेचना की जा रही थी।

इसी दौरान मनीष बर्मन ने युवती से फोन पर संपर्क किया। उसने स्वयं को भीम आर्मी का कोषाध्यक्ष बताते हुए कहा कि वह सामाजिक कार्य करता है और पुलिस अधिकारियों तक उसकी पहुंच है। उसने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि वह मामले में मदद करेगा और निखिल रजक को एससी-एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कराकर जेल भिजवा देगा।

शिकायत के मुताबिक, अगले दिन मनीष ने दर्री सीएसपी कार्यालय के बाहर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की। उसने कथित तौर पर कहा कि सीएसपी ने गिरफ्तारी के लिए 40 हजार रुपये मांगे हैं। उसकी बातों में आकर पीड़िता ने अपना मांगटीका और ईयररिंग 40 हजार रुपये में गिरवी रखे। इसके बाद 18 जुलाई 2026 को कुचेना मोड़ के पास मनीष को 25 हजार रुपये नकद और 10 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से दिए। बाद में उसने आजाक थाना के नाम पर 10 हजार रुपये और मांगे। यह रकम भी पीड़िता ने उसे नकद दी।

रकम लेने के बावजूद निखिल रजक की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसके उलट उसे अग्रिम जमानत मिल गई। इसके बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उसने मनीष से रकम वापस मांगनी शुरू की। आरोप है कि वह लगातार रकम लौटाने का आश्वासन देकर टालता रहा और बाद में पीड़िता का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। शिकायत के आधार पर दर्री पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Search