कोरबा। पसरखेत वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुईढोड़ा में एक विशालकाय किंग कोबरा के घर में घुसने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार लगभग 11 फीट लंबा विषैला सर्प अचानक एक मकान में पहुंच गया जिसे देख घर में मौजूद लोग भयभीत होकर बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख के निर्देश तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत रेस्क्यू टीम के सदस्यों जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन ने पूरी सावधानी और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू के बाद सर्प का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात उसे उसके प्राकृतिक आवास के अनुरूप सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







