Home » शादी की दावत में ‘रसगुल्ला’ बना कालः गले में अटकने से दूल्हे के रिश्तेदार की तड़पकर मौत
झारखंड

शादी की दावत में ‘रसगुल्ला’ बना कालः गले में अटकने से दूल्हे के रिश्तेदार की तड़पकर मौत

जमशेदपुर। खुशियों वाली शादी की एक दावत उस वक्त मातम में बदल गई जब एक शख्स के लिए उसका पसंदीदा मीठा काल बन गया। झारखंड के जमशेदपुर से सामने आई इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। जहां एक तरफ शहनाइयां बज रही थीं, वहीं पल भर में वहां चीख-पुकार मच गई।

दम घुटने से गई जान

मिली जानकारी के अनुसार, 41 वर्षीय ललित सिंह शुक्रवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। खाने के दौरान उन्होंने जैसे ही रसगुल्ला खाया, वह अचानक उनकी सांस नली में जाकर फंस गया। रसगुल्ला फंसते ही ललित को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी और वे छटपटाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें राहत देने की कोशिश की, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई।

डॉक्टरों ने बताया मौत का कारण

परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, रसगुल्ला गले में इस तरह फंसा कि उसने ऑक्सीजन की सप्लाई पूरी तरह ठप कर दी और नाक की नली ब्लॉक हो गई। ऑक्सीजन न मिलने के कारण चंद मिनटों में ही शरीर ने साथ छोड़ दिया।

परिजनों में कोहराम

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जिस घर से डोली उठनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर लोगों को आगाह किया है कि खाना खाते समय जल्दबाजी या असावधानी कितनी जानलेवा साबित हो सकती है।

Search

Archives