Home » दीपका खदान में श्रमिक की संदिग्ध मौत! ठेका कंपनी पर लापरवाही के आरोप, श्रमिक में आक्रोश
कोरबा छत्तीसगढ़

दीपका खदान में श्रमिक की संदिग्ध मौत! ठेका कंपनी पर लापरवाही के आरोप, श्रमिक में आक्रोश

मुआवजा और नौकरी की मांग

कोरबा/दीपका। एसईसीएल की दीपका परियोजना में ठेका कंपनी में कार्यरत एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में आक्रोष का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान जुराखन जांगड़ा (32 वर्ष) के रूप में हुई

जानकारी के अनुसार, जुराखन जांगड़ा बीती रात करीब 9ः30 बजे काम पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन काम के दौरान ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और सहकर्मी मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आक्रोशित परिजनों और श्रमिकों ने आरोप लगाया है कि ठेका कंपनी प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि कंपनी को केवल अपने फायदे से मतलब है, जबकि कर्मचारियों की जान की कोई कीमत नहीं समझी जा रही।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार प्रदान करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही खदान में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की भी मांग उठाई गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। परिजनों और सहकर्मियों का कहना है कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखेंगे।
फिलहाल पुलिस और प्रषासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पश्ट हो पाएगा। यह घटना एक बार फिर खदान क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और ठेका कंपनियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Search

Archives