Home » पुलिस ने अनोखे अंदाज में दी दबिश : ट्रैक्टर में बाराती बनकर मौके पर पहुंची, 8 जुआरी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा

पुलिस ने अनोखे अंदाज में दी दबिश : ट्रैक्टर में बाराती बनकर मौके पर पहुंची, 8 जुआरी गिरफ्तार

जांजगीर चांपा/(सक्ती)। जुआ-सट्टा पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अनोखे अंदाज में दबिश देकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ट्रैक्टर में बाराती बनकर मौके पर पहुंची और जुआ खेल रहे आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली द्वारा यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कानाकोट के नहर किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर सेल और पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर बारातियों के वेश में ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचकर दबिश दी।  पुलिस ने  जुआ खेलते 8 जुआरी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक साहू, शिवम साहू, संजय साहू (तीनों जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़), भेषज किशोर साहू, देवेंद्र साहू, वीरेंद्र कुर्रे, राकेश सान्डे और दीपक चंद्रा (सभी जिला सक्ती) शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से 26 हजार रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन (कीमत करीब 1 लाख रुपये) और दो लग्जरी कार (प्रत्येक की कीमत लगभग 15-15 लाख रुपये) जब्त की हैं। वहीं 3 आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्ती बरती जाएगी।

Search

Archives