जांजगीर-चाम्पा। जांजगीर-चाम्पा जिले के पंतोरा थाना क्षेत्र के अंगारखार गांव के निवासी तुलसी लहरे के घर में अचानक शॉर्ट- सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेकर पूरे घर को चपेट में ले लिया।
इस हादसे में घर में रखा धान, चावल, दैनिक उपयोग का पूरा राशन, कपड़े और बेहद जरूरी दस्तावेज जलकर पूरी तरह राख हो गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, हालांकि सटीक आंकलन अभी संभव नहीं है। सुखद पहलू ये रहा कि इस भयावह आगजनी में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार पूरी तरह बेघर और बेसहारा हो गया है।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि महज 2-4 दिन पहले ही बिजली विभाग द्वारा नया मीटर लगाया गया था, और उसी में हुए शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी। ऐसे में कहीं न कहीं विद्युत विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
हैरानी की बात यह है कि घटना के घंटों बाद भी मौके पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। आसपास के लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
आज यह परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। उनका पूरा राशन और जीवनभर की जमा पूंजी पल भर में राख हो गई। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शासन-प्रशासन इस पीड़ित परिवार की सुध लेगा?
प्रशासन से मांग –
- पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए,
- रहने और खाने-पीने की समुचित व्यवस्था की जाए,
- विद्युत विभाग की लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो।







