जयपुर । हाईवे पर अग्निकांड में कई लोग जिंदा जल गए। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई है वहीं करीब 4 लोगों को झुलसी हालत में अस्पताल दाखिल कराया गया है। घटना राजस्थान के अजमेर में स्थित ब्यावर क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार गैस से भरे हुए टैंकर और ट्रेलर में हुई भिड़ंत के बाद जोरदार धमाका हुआ। करीब पांच किलोमीटर दूर तक इसकी गूंज सुनाई दी। आसपास के लोग आवाज सुनकर चौंक गए। आसमान सफेद और काले धुएं से अट गया। आग में फंसे लोग बचाने के लिए चिल्लाते रहे और चिल्लाते-चिल्लाते 3 लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसा जिस जगह पर हुआ वह आबादी वाला इलाका था। इसी कारण करीब छह से सात दुकानों को भारी नुकसान हुआ है और साथ ही करीब दस से ज्यादा घरों में भी भंयकर नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि घरों के अंदर रखा सामान यहां तक कि दोपहिया वाहन तक जल गए। इस हादसे के दौरान हाइवे से गुजर रहे दो ट्रक और कई दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आ गए, वाहन चालकों ने भागकर अपनी जान बचाई। अग्निकांड बीती रात करीब एक बजे अजमेर के नेशनल हाईवे-8 पर रानी बाग रिसोर्ट के पास गैस टैंकर और ट्रेलर में जबर्दस्त भिड़ंत से हो गई। हादसा इतना भयावह था कि 500 मीटर का क्षेत्र आग का गोला बन गया। हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए। जिस जगह हादसा हुआ वहां नजदीक ही मिश्रीपुरा और गरीब नवाज कॉलोनी सहित रिहायशी इलाका है। इसी कारण आग ने 10 से अधिक मकानों को भी चपेट में ले लिया। मरने वालों में टैंकर और ट्रेलर के दो चालक और एक परिचालक बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मार्बल से भरा हुआ ट्रेलर नजदीक से गुजर रहे गैस टैंकर से टकराया था। उसके बाद गैस टैंकर में आग लग गई। आग ने ट्रेलर को भी चपेट में ले लिया। तीन लोगों की जलने से मौत के अलावा चार लोग झुलसी हालात में बताए गए हैं। चारों झुलसे लोगों को को अजमेर के अस्पतालों में ही ईलाज के लिए भर्ती कराया गया है।







