Home » यूक्रेन ने रूस में 800 किलोमीटर भीतर ड्रोन भेजकर किया हमला, रूसी रिफायनरी में लगी भीषण आग
दुनिया

यूक्रेन ने रूस में 800 किलोमीटर भीतर ड्रोन भेजकर किया हमला, रूसी रिफायनरी में लगी भीषण आग

कीव। यूक्रेन ने रूस की एक और रिफायनरी पर बुधवार-गुरुवार की रात ड्रोन हमला किया। हमले से रिफायनरी में आग लग गई और उससे उठने वाला काला धुंआ मीलों दूर से दिखाई दे रहा है। यूक्रेन ने रूस में 800 किलोमीटर भीतर ड्रोन भेजकर सिजरान आयल रिफायनरी पर हमला किया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले की जानकारी देते हुए रूसी रिफायनरी का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया है। रूस के सामरा क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव फेडोरिश्चेव ने कहा है कि यूक्रेन के ड्रोन हमले में दो लोग मारे गए हैं, लेकिन रिफायनरी पर हमले का उन्होंने जिक्र नहीं किया, लेकिन रूस की अस्त्रा मीडिया हाउस ने कहा है कि यूक्रेन के ड्रोन हमले में सिजरान रिफायनरी निशाना बनी है। यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के सीमावर्ती बेलगोरोद इलाके में भी कुछ लोग घायल हुए हैं, जबकि रूस के ड्रोन हमले में यूक्रेन में एक नागरिक की मौत हुई है और छह घायल हुए हैं। यूक्रेन के पिछले कुछ दिनों में ड्रोन हमलों की अपनी क्षमता बढ़ाई है। यूक्रेन ने रूस में 1,400 किलोमीटर भीतर जाकर भी हमला किया है। इतना ही नहीं चंद रोज पर पहले यूक्रेन ने रूस की राजधानी मास्को के बाहरी इलाके में भी ड्रोन हमला किया था।

रूस से मुकाबले के लिए यूक्रेन ने विदेश से हथियारों की मदद लेने के साथ ही अपने हथियारों का भी विकास किया है। कम लागत में लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन बनाकर यूक्रेन ने रूस की मुश्किल बढ़ा दी है। पिछले कई महीनों में यूक्रेन ने रूस के तेल और गैस ढांचे पर ड्रोन हमले कर उसे बड़ा नुकसान पहुंचाया है।

जेलेंस्की का कहना है कि रूस के तेल और गैस ढांचे को बर्बाद करना जरूरी है, क्योंकि इससे ही रूस को यूक्रेन युद्ध के लिए धन मिल रहा है। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने यूरोपीय संघ (ईयू) से अनुरोध किया है कि वह यूक्रेन को सशर्त सदस्यता दे, साथ ही रूस के साथ वार्ता भी करे। इससे ईयू से यूक्रेन का रिश्ता जुड़ऩे से युद्ध से बर्बाद हुए देश को बेहतर सहायता मिल जाएगी और अन्य यूरोपीय देशों की बराबरी में उसे लाने में मदद मिलेगी। जबकि रूस के साथ वार्ता से यूक्रेन युद्ध रुकने की संभावना बनेगी, जो क्षेत्रीय शांति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। विदित हो कि ईयू 27 यूरोपीय देशों का समूह है।

Search

Archives