Home » इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप: सुनामी का अलर्ट जारी
दुनिया

इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप: सुनामी का अलर्ट जारी

सतह के पास केंद्र होने से बड़े नुकसान की आशंका

फ्लोरेस। इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में शनिवार तड़के शक्तिशाली भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.7 आंकी गई। हालांकि, अन्य रिपोर्टों में 7.4 तीव्रता की बात भी कही गई है। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में कई इमारतें तीव्र गति से हिलती हुई दिखाई दे रही हैं। फिलहाल किसी हताहत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन झटकों की तीव्रता को देखते हुए व्यापक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

भूकंप से जुड़े मुख्य बिंदु

समय और केंद्र: भूकंप स्थानीय समयानुसार शनिवार सुबह 5.58 बजे (भारतीय समयानुसार तड़के 3.28 बजे) आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में फ्लोरेस सागर में था।

लगातार झटके: मुख्य भूकंप के बाद फ्लोरेस और सुलावेसी द्वीपों के बीच दो बड़े आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता क्रमशः 6.3 और 6.0 थी।

सुनामी की चेतावनी: इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी (यूएसजीएस) ने सुनामी अलर्ट जारी कर तटीय और नदी किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

उथले भूकंप का बढ़ता जोखिम

यूएसजीएस के अनुसार, यह भूकंप जमीन से महज 10 से 49 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। उथले भूकंप गहरे भूकंपों की तुलना में अधिक विनाशकारी होते हैं, क्योंकि इनकी भूकंपीय तरंगों को सतह तक पहुंचने में कम दूरी तय करनी पड़ती है। इससे जमीन पर कंपन तीव्र होता है और संरचनाओं को भारी क्षति पहुंचती है।

प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में स्थित होने के कारण 17,000 से अधिक द्वीपों वाला इंडोनेशिया भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियों के प्रति बेहद संवेदनशील है।

Search

Archives