काबुल। पूर्वी अफगानिस्तान के लघमान प्रांत में हुआ यह हादसा कई परिवारों के लिए कभी न भरने वाला घाव छोड़ गया। जानकारी के अनुसार ट्रक में पाकिस्तान से लौट रहे अफगान शरणार्थी सवार थे। यात्रा के दौरान मुख्य हाईवे पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पलट गया. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि 18 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 10 बच्चे और पांच महिलाएं शामिल हैं।
हादसे के बाद आसपास के लोगों और राहतकर्मियों ने बचाव अभियान शुरू किया। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों का इलाज जारी
इस दुर्घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि पीड़ितों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उनके उपचार में जुटे हुए हैं। हादसे के बाद कई परिवार अपने प्रियजनों की तलाश में अस्पतालों और राहत केंद्रों के चक्कर लगाते दिखाई दिए।
सरकार ने जताया शोक
तालिबान प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। अफगानिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं लंबे समय से चिंता का विषय रही हैं। कई इलाकों में सड़कें खराब स्थिति में हैं और यातायात नियमों का पालन भी पर्याप्त नहीं होता।







