न्यूयॉर्क। टैरिफ वार के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो से भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर मुलाकात करेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के उच्च स्तरीय 80वें सत्र की शुरुआत हो गई है। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका पहुंचे हैं। वहीं इस सत्र के दौरान ही भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी की जाएगी।
बता दें कि रूस से तेल की खरीद को लेकर अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के बाद, रुबियो और जयशंकर की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी।
इसके अलावा केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को न्यूयॉर्क में अमेरिकी पक्ष से मुलाकात करेगा। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते पर शीघ्र निष्कर्ष निकालने के लिए चर्चा को आगे बढ़ाना है।’’
फिलीपींस की विदेश सचिव से की मुलाकात- बता दें कि विदेश मंत्री जयशंकर रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे थे। एस जयशंकर ने यहां फिलीपींस की विदेश सचिव थेरेसा पी. लाजारो के साथ द्विपक्षीय बैठक के साथ अपने कार्यक्रम की शुरुआत की। विदेश मंत्री ने एक्स पर कहा, “हमने राष्ट्रपति मार्कोस की हालिया भारत यात्रा पर चर्चा की। संयुक्त राष्ट्र और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हमारे सहयोग पर भी चर्चा की।”
लाज़ारो ने कहा कि अगस्त में राष्ट्रपति बोंगबोंग मार्कोस की भारत की “सफल” राजकीय यात्रा के बाद जयशंकर से फिर से मिलकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा, “आज की हमारी चर्चा रणनीतिक साझेदारों के रूप में राजनीतिक, रक्षा और सुरक्षा, समुद्री क्षेत्र आदि में सक्रिय रूप से सहयोग विकसित करने के लिए हमारे दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।”







