नेपाल के मध्य हिस्से (सेंट्रल नेपाल) में मंगलवार को एक दुखद घटना घटी। यहां यात्रियों से भरी एक बस सड़क से फिसलकर सीधे नदी में जा गिरी। स्थानीय मीडिया ने जानकारी दी है कि इस हादसे में 12 लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा, आठ अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया है।
‘द काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुई। बस नेपाल की राजधानी काठमांडू से ओखलढुंगा की तरफ जा रही थी। जब बस बागमती प्रांत के रामेछाप म्युनिसिपैलिटी (नगरपालिका) इलाके में पहुंची, तो वह अचानक बेकाबू हो गई। इसके बाद बस सीधे नीचे बह रही तमकोशी नदी में जा गिरी।
‘द हिमालयन टाइम्स’ ने मंथाली हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. केशव सिंह धामी के हवाले से मृतकों की जानकारी दी है। डॉ. धामी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले 12 यात्रियों में से दस की पहचान कर ली गई है। बाकी शवों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
ड्राइवर भी हुआ घायल
घटना को लेकर रामेछाप की पुलिस ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना में बस का ड्राइवर भी घायल हुआ है। उसे मिलाकर कुल आठ लोग जख्मी हैं। फिलहाल पुलिस यह मामले की जांच कर रही है कि हादसे का मुख्य कारण क्या था? पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।







