काठमांडू। नेपाल में भीषण बाढ़ के चलते अब तक 178 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं नेपाल और चीन में 1500 के करीब लोग अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत के 300 लोग लापता हैं। इनमें से अधिकांश मानसरोवर यात्रा पर गए थे।
घटना का भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है और अगले ही पल मलबे के साथ आया पानी सब तबाह कर देता है। यह बाढ़ तिब्बत से शुरू हुई थी। इसने कई कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जरूरी पुल बहा दिए और एक दर्जन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को नुकसान पहुंचाया।

130 से ज्यादा भारतीय पर्यटक लापता
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद 130 से ज्यादा भारतीय पर्यटक लापता हैं और कई दूसरे लोग फंस गए हैं। इनमें मानसरोवर यात्रा पर गए कई तीर्थयात्री भी शामिल हैं। काठमांडू में भारतीय दूतावास और तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों ने प्रभावित भारतीयों और उनके रिश्तेदारों के लिए हेल्पलाइन शुरू की हैं। सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल एजेंसी ने कहा कि कम से कम 59 भारतीय कैलाश मानसरोवर यात्रा के तीर्थयात्री थे।

चीन में तीन लोगों की मौत
नेपाल पुलिस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हिमालयी देश में अचानक आई बाढ़ में 157 लोगों की मौत हो गई। नेपाल सरकार ने कहा कि करीब 500 लोग लापता हैं, जबकि चीन के सरकारी CGTN न्यूज़ चैनल ने कहा कि बॉर्डर के चीनी हिस्से में तीन लोगों की मौत हो गई और 265 लोग लापता हैं।







