Home » नेपाल के एस मोड़ पर बड़ा हादसा: नाले में पलटी बस, छह की मौत और दस घायल
दुनिया

नेपाल के एस मोड़ पर बड़ा हादसा: नाले में पलटी बस, छह की मौत और दस घायल

सिद्वार्थनगर। नेपाल के नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पूर्व) जिले के विनयी त्रिवेणी गांव पालिका-2 स्थित एस मोड़ के पास शनिवार को यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क़ किनारे नाले में पलट गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। बस में चालक समेत 18 लोग सवार थे। दो यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।

पुलिस के अनुसार, नेपालगंज से काठमांडू जा रही प्रदेश-3-01-006 ख 1553 नंबर की बस पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर एस मोड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान चालक के नियंत्रण खो देने से बस सडक़ किनारे नाले में पलट गई। हादसे में जाजरकोट के भेरीगंगा नगर पालिका-3 निवासी 50 वर्षीय निर्जुंग खत्री की मौत की पुष्टि हुई है। पांच अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों में गोरखा गो.न.पा.-9 निवासी 30 वर्षीय हरिशरण थापा, अछाम मंगलसेन नगर पालिका-6 निवासी 28 वर्षीय तेजेन्द्रप्रसाद भंडारी, बर्दिया ठाकुरबाबा नगर पालिका-1 निवासी 20 वर्षीय आकृति, बाजुरा स्वामीकार्तिक गांवपालिका-5 निवासी 32 वर्षीय पवन बुढा, बर्दिया राजापुर नगरपालिका-9 निवासी 28 वर्षीय संजय थारू, बाजुरा स्वामीकार्तिक गांवपालिका-1 निवासी 25 वर्षीय प्रेम बम, ललितपुर कुज्जयसोम गांव पालिका-5 निवासी 29 वर्षीय अनोज खत्री, बर्दिया बांसगढी नगर पालिका-7 निवासी 36 वर्षीय लाल बहादुर कार्की, बांके नेपालगंज उपमहानगर पालिका-16 निवासी 48 वर्षीय अस्लाम भगवान और सल्यान वनगाड कुपिण्डे नगरपालिका-1 निवासी 21 वर्षीय अनिल बुढाथोकी शामिल हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक थमनसिंह राना के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए मध्यविंदु प्रादेशिक अस्पताल, डंडा भेजा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Search