Home » कामचटका के बाद कुरील द्वीप पर आया भूकंप, रिक्टर पैमाने पर इतनी रही तीव्रता, सुनामी की चेतावनी
दुनिया

कामचटका के बाद कुरील द्वीप पर आया भूकंप, रिक्टर पैमाने पर इतनी रही तीव्रता, सुनामी की चेतावनी

मॉस्को। रूस के कामचटका में 8.8 तीव्रता के आए भूकंप के बाद अब कुरील द्वीप समूह पर 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इस भूकंप के बाद रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचटका के तीन हिस्सों में सुनामी की आशंका जताई गई है। रूस के आपात सेवा मंत्रालय ने इसे लेकर रविवार को चेतावनी जारी की।

मंत्रालय ने टेलीग्राम पर जारी संदेश में कहा, उम्मीद है कि लहरों की ऊंचाई कम रहेगी, लेकिन इसके बावजूद आपको तट से दूर जाना चाहिए। अधिकारियों ने लोगों से समुद्री किनारों और निचले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की है।

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, रविवार को रूस के सेवेरो-कुरीलस्क से 121 किलोमीटर पूर्व में 7.0 तीव्रता का  भूकंप महसूस किया गया। यह भूकंप भारतीय समय के अनुसार सुबह करीब 11 बजे आया। इस भूकंप के बाद कामचटका प्रायद्वीप पर क्रशेनिनिकोव ज्वालामुखी सक्रिय हो गया है। ‘सिन्हुआ’ न्यूज एजेंसी के अनुसार भूकंप का केंद्र 40.8 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसकी स्थिति 50.53 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 157.83 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज की गई।

भूकंप के चलते फटा ज्वालामुखी- इस भूकंप के चलते रूस के कामचटका प्रायद्वीप पर क्रशेनिनिकोव ज्वालामुखी भी फट गया। कामचटका वोल्केनिक इरप्शन रिस्पॉन्स टीम (केवीईआरटी) के मुताबिक 1,856 मीटर ऊंचे इस ज्वालामुखी से करीब 6,000 मीटर ऊंचाई तक राख का गुबार उठता देखा गया। केवीईआरटी प्रमुख ओल्गा गिरिना ने आरआईए नोवोस्ती को बताया, “यह क्रशेनीनिकोव का 600 वर्षों में पहला विस्फोट है।” उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी की ढलानों पर लावा डोम का निर्माण हो रहा है, साथ ही तेज भाप और गैस के उत्सर्जन के साथ उत्तर दिशा में स्थित क्रेटर से लगातार राख का गुबार निकल रहा है।

Search

Archives