चीन ने अब तक की सबसे बड़ी सैन्य परेड आयोजित कर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है। परेड में चीन ने हाइपरसोनिक, लेजर और लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों सहित अपने अत्याधुनिक नए हथियारों का पहली बार सैन्य प्रदर्शन किया है।
द्वितीय विश्व युद्ध में जापानी आक्रमण के खिलाफ जीत की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चीन ने यह सैन्य परेड आयोजित की। चीन ने इस भव्य परेड के मौके पर पहली बार अपने कुछ सबसे उन्नत सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया है जिसमें दुनिया का पहला 2 सीटों वाला पांचवी पीढ़ी का लड़ाकू विमान J-20s शामिल रहा।
फाइटर जेट की खूबियां-
पांचवी पीढ़ी का लड़ाकू विमान है J-20s- J-20s को ‘माइटी ड्रैगन’ के नाम से भी जाना जाता है। यह पांचवी पीढ़ी का स्टील्थ विमान है जो हर मौसम में उड़ान भरने की क्षमता रखा है। इस विमान के तीन संस्करण हैं J-20, J-20A और J-20s। पहला संस्करण 2010 में डिजाइन किया गया था, जबकि J-20A को पहली बार 2022 में प्रदर्शित किया गया था। इस बीच, J-20s संस्करण को पहली बार आधिकारिक तौर पर चीनी सेना की ओर से 2024 के झुहाई एयर शो के दौरान प्रदर्शित किया गया था। अमेरिका और रूस के बाद चीन पांचवी पीढ़ी का विमान विकसित करने वाला तीसरा देश है। अमेरिका के पास F-22 और F-35 पांचवी पीढ़ी के लड़ाकू विमान हैं, वहीं रूस के पास Su-57 है।
दुनिया का पहला 2 सीटों वाला लड़ाकू विमान- J-20s को पहली बार 2021 में देखा गया था और यह दुनिया का पहला 2 सीटों वाला पांचवी पीढ़ी का लड़ाकू विमान है। सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि J-20s का दूसरा पायलट युद्ध के दौरान जेट के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने सैन्य विशेषज्ञ झांग ज़ुएफेंग के हवाले से कहा, “पांचवी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के युग में, J-20s में एक पायलट का शामिल होना फुटबॉल के दसवें नंबर के खिलाड़ी जैसा है, जो ना केवल अपने दम पर अंक अर्जित कर सकता है, बल्कि जंग में बड़ी भूमिका निभाते हुए अन्य विमानों को निर्देश भी दे सकता है।”
चीन ने दिखाई मिसाइल पावर- परेड में चीन ने पहली बार नई हथियार प्रणालियों की एक श्रृंखला भी प्रदर्शित की, जिसमें नए प्रकार की डीएफ-5सी तरल ईंधन वाली अंतरमहाद्वीपीय सामरिक परमाणु मिसाइलें शामिल थीं। ग्लोबल टाइम्स अखबार के मुताबिक यह मिसाइल 20,000 किलोमीटर से अधिक तक सटीक निशाना लगाने की क्षमता रखती है। उसने एक विशेषज्ञ के हवाले से बताया कि यह मिसाइल दुनिया के किसी भी हिस्से तक पहुंच सकती है।
चीन ने क्या-क्या दिखाया?- चीन ने परेड में जिन अन्य हथियारों का प्रदर्शन किया उनमें लेजर हथियार, चार प्रकार के विमानवाहक-आधारित जेट लड़ाकू विमान, समुद्र में गहराई तक मार करने वाले ड्रोन, एच-6जे लंबी दूरी के बमवर्षक, हवाई पूर्व चेतावनी विमान, सेना और नौसेना के ड्रोन, 5000 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली डीएफ-26डी जहाज-रोधी बैलिस्टिक मिसाइलें, सीजे-1000 लंबी दूरी की हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलें, वायु रक्षा प्रणालियां, एचक्यू-29 बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर, ‘कैरियर किलर’ मिसाइलें, नया युद्धक टैंक टाइप 99बी और कई रॉकेट लॉन्चर शामिल हैं।







