Home » बांग्लादेश में बड़ा हादसाः 40 यात्रियों से भरी बस पद्मा नदी में गिरी, 16 लोगों की मौत, कई लापता
दुनिया

बांग्लादेश में बड़ा हादसाः 40 यात्रियों से भरी बस पद्मा नदी में गिरी, 16 लोगों की मौत, कई लापता

ढाका। बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब करीब 40 यात्रियों से भरी बस फेरी पर चढ़ते वक्त अनियंत्रित होकर पद्मा नदी में जा गिरी। इस हादसे में कई महिलाओं समेत 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों के अब भी लापता होने की आशंका है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ढाका जा रही बस जैसे ही फेरी पर चढ़ रही थी, तभी एक यूटिलिटी फेरी ने उसे टक्कर मार दी। अचानक हुए इस जोरदार झटके से चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे नदी में समा गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई, जबकि कई को स्थानीय लोगों और बचाव कर्मियों ने बाहर निकाला। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। करीब 30 फीट गहराई में डूबी बस को निकालने के लिए गोताखोरों के साथ अतिरिक्त टीमों को भी लगाया गया है।

घटनास्थल पर मौजूद अग्निशमन सेवा अधिकारी सोहेल राणा ने पत्रकारों को बताया कि (बचाव पोत) हमजा ने अपनी क्रेनों की मदद से बस को बाहर निकाला और उसके अंदर से 14 शव बरामद किए गए।

उन्होंने आगे बताया कि गोताखोरों ने इससे पहले दो महिलाओं के शव बरामद किए और खराब मौसम के बीच छह घंटे के प्रयासों के बाद बुधवार आधी रात के आसपास बस को बाहर निकालते समय 14 अन्य लोगों को भी ढूंढ निकाला।

Search

Archives