इजरायल। मिडिल ईस्ट में चल रही अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग ने दुनिया में हाहाकार मचा रखा है। ऐसे में इस जंग का खत्म करने की मांग की जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बीते दिनों ईरान पर हमले से ब्रेक लेने की बात कही और दावा किया कि बातचीत चल रही है।
ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन और तेहरान इस पूरे हफ्ते बातचीत करेंगे, लेकिन उन्होंने उन प्रतिनिधियों के नाम नहीं बताए, जो ईरानी सरकार की ओर से बातचीत कर रहे हैं। इन सब के बीच ईरान ने भी जंग खत्म करने के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के प्रस्ताव के जवाब के तौर पर ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को बंद करने, सभी प्रतिबंधों को समाप्त करने, हिज्बुल्लाह के खिलाफ इजरायली अभियान को रोकने और एक ऐसे ढांचे की मांग की है, जिसके तहत उसे होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलने की अनुमति मिल सके। इससे पहले 12 मार्च को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने रूस और पाकिस्तान के नेताओं से बात करने के बाद कहा था कि युद्ध तभी खत्म होगा जब तीन शर्तें पूरी होंगी। वो शर्तें- इस्लामिक गणराज्य के वैध अधिकारों को मान्यता, हर्जाने का भुगतान और भविष्य में होने वाले किसी भी हमले के खिलाफ पक्की अंतरराष्ट्रीय गारंटी।







