Home » बस दुर्घटना : चालक सहित 9 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल, टायर फट जाने से हुआ हादसा
दुनिया

बस दुर्घटना : चालक सहित 9 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल, टायर फट जाने से हुआ हादसा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। रविवार को हुई बस दुर्घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए है। अधिकारियों ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। हादसा उस वक्त हुआ जब बस इस्लामाबाद से लाहौर जा रही थी।  बस पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में बलकसार के पास खाई में गिर गई। वाहन में 40 से अधिक यात्री सवार थे।

चकवाल आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता के अनुसार, बस का एक टायर फट जाने के बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पलट गया और खाई में गिर गया। चकवाल जिला स्वास्थ्य प्राधिकरण (डीएचए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ सईद अख्तर ने एक बयान में कहा, ‘‘दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए।” 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक भी शामिल है। घायलों को चकवाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीएम मरियम नवाज ने जताया दुख- आपातकालीन बचाव सेवा के प्रवक्ता ने कहा कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। सीएम मरियम नवाज ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वो घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं।

Search

Archives