शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे की लीडरशिप में सांसदों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अहम बैठक की। सांसदों ने यूएई संघीय राष्ट्रीय परिषद के रक्षा मामलों, आंतरिक और विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष डॉ. अली राशिद अल नुमानी से मुलाकात की। डॉ. अली राशिद ने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म या राष्ट्रीयता नहीं होती। यह मानवता और पूरी दुनिया के लिए खतरा है। डॉ. अली राशिद ने कहा कि हमें एक अंतरराष्ट्रीय समुदाय के रूप में एक साथ आना चाहिए और मानवता के लिए बेहतर भविष्य बनाना चाहिए।
यूएई किसी भी तरह से आतंकवाद का समर्थन नहीं करेगा: जमाल मोहम्मद- डेलिगेशन ने अबू धाबी में राष्ट्रीय मीडिया कार्यालय के महानिदेशक जमाल मोहम्मद ओबैद अल काबी के साथ अपनी बैठक के दौरान बताया कि भारत किस तरह से पाकिस्तान द्वारा की गई आतंकी गतिविधियों का शिकार रहा है। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे श्रीकांत शिंदे ने गुरुवार को एएनआई से बात करते हुए कहा कि काबी ने पुष्टि की है कि यूएई किसी भी तरह से आतंकवाद का समर्थन नहीं करेगा।
जो देश आतंकवाद को पनाह देता है हम उनके साथ नहीं: यूएई
श्रीकांत शिंदे ने कहा कि डेलिगेश ने जमाल मोहम्मद ओबैद अल काबी को बताया कि पहलगाम हमले कैसे हुए। भारत पर कई सालों से हमले हो रहे हैं – मुंबई आतंकी हमले, पठानकोट हमला, पुलवामा हमला। उन्हें इसके बारे में पता था। उन्होंने एक सीधा संदेश दिया है कि वे ऐसे आतंकवादी संगठनों या ऐसे देश के साथ कभी खड़े नहीं हो सकते जो आतंकवादियों को पनाह देता है, कि वे आतंकवाद के खिलाफ हैं और सभी देशों के लिए एक साथ आकर आतंकवाद से लड़ना महत्वपूर्ण है।”







