इंदौर। मंदसौर जिले के सीतामऊ में हनी ट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने रेलवे कर्मचारी को प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करते हुए करीब 21 लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ित की पत्नी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सीतामऊ पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती के खिलाफ पहले से शिकायतें मिल रही थीं। गुरुवार को 38 वर्षीय महिला नीतू सिरोया ने थाने में पहुंचकर अपने पति के साथ हुई ठगी की पूरी जानकारी दी और बैंक ट्रांजेक्शन के दस्तावेज भी सौंपे। शिकायत के अनुसार, आरोपी पूजा उर्फ सिया चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए रेलवे कर्मचारी हरिप्रकाश से संपर्क बढ़ाया और धीरे-धीरे उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। बताया गया कि युवती ने मंदसौर के रामटेकरी क्षेत्र स्थित एक मकान में ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया। इसके बाद नशे की हालत में कर्मचारी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी युवती ने वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर कर्मचारी से अलग-अलग समय पर बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए 21.13 लाख रुपये और नकद रकम वसूली। लगातार पैसों की मांग से परेशान कर्मचारी की पत्नी को जब पूरे मामले की जानकारी लगी, तो उसने सीतामऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई।







