इंदौर। शहर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बार फिर कानूनी मोड़ आया है। शिलांग सेशन कोर्ट ने मामले के प्रमुख आरोपित राज कुशवाह की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। इस फैसले ने उन अटकलों पर विराम लगा दिया। माना जा रहा था कि सह-आरोपित सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद राज को भी राहत मिल सकती है।
दरअसल, राज कुशवाह की ओर से बुधवार शाम वकील के जरिए जमानत याचिका दायर की गई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था, जिसे अब सुनाते हुए याचिका खारिज कर दी गई।
सोनम की रिहाई से जगी थी उम्मीद
मामले की कथित मास्टरमाइंड सोनम रघुवंशी को हाल ही में जमानत मिल चुकी है। मंगलवार रात वह जेल से रिहा हुई और फिलहाल शिलांग के एक होटल में अपने पिता देवी सिंह के साथ ठहरी हुई है। पिता ने 50 हजार रुपये का मुचलका भरकर उसकी रिहाई सुनिश्चित की थी। सोनम की बेल के बाद अन्य आरोपितों में भी राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन कोर्ट के इस फैसले ने तस्वीर साफ कर दी है।
कोर्ट ने गंभीरता को माना अहम आधार
बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि लंबे समय तक अंडर ट्रायल के रूप में जेल में रखना आरोपित के अधिकारों का उल्लंघन है और इसी आधार पर जमानत दी जानी चाहिए। हालांकि, कोर्ट ने मामले की गंभीरता और उपलब्ध तथ्यों को देखते हुए राज कुशवाह को राहत देने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद अब मामले के अन्य आरोपितों के लिए भी जमानत की राह मुश्किल होती नजर आ रही है, वहीं आगामी सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।







