Home » क्या आपका बच्चा खाता है ज्यादा चॉकलेट, तो हो जाएं सावधान, ज्यादा सेवन सेहत को पहुंचा सकता है नुकसान
स्वास्थ्य

क्या आपका बच्चा खाता है ज्यादा चॉकलेट, तो हो जाएं सावधान, ज्यादा सेवन सेहत को पहुंचा सकता है नुकसान

बच्चों को चॉकलेट और कुकीज़ बहुत प्रिय होता है। चॉकलेट देखते ही बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है,  इतना ही नहीं कई बड़े भी इनके दीवाने हैं, लेकिन बच्चों के बीच इनका क्रेज़ देखते ही बनता है। हर दूसरे घंटे में वे चॉकलेट या कुकीज़ के लिए जिद करने लगते हैं। बच्चे  चॉकलेट और चॉकलेट से बनी चीजों के शौकीन होते हैं, माता-पिता कई बार बच्चों की ज़िद के आगे हार जाते हैं और उन्हें इनका सेवन करने देते हैं, लेकिन आपका बच्चा ज्यादा चॉकलेट खा रहा है तो आपको सावधान होने की जरूरत है। क्या आप जानते हैं इनका ज़्यादा सेवन सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है।

वे बच्चे जो चॉकलेट और कुकीज़ ज़्यादा खाते हैं, तो उन्हें भूख कम लगती है और वे पौष्टिक खाना जैसे- फल, सब्ज़ियां और दालें खाना पसंद नहीं करते। इससे उनके शरीर में ज़रूरी विटामिन, मिनरल और अन्य पोषक तत्वों की कमी हो जाती है। आइए जानते हैं ज़्यादा चॉकलेट और कुकीज़ खाने से बच्चों को क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं।

0 हो सकती हैं ये परेशानियां:
  • मोटापा बढ़ता है: चॉकलेट और कुकीज़ जैसे फूड्स में बहुत ज़्यादा चीनी होता है जो मोटापे की वजह बनता है। मोटापा बढ़ने से शरीर में हाई ब्लड प्रेशर, दिल से जुड़ी बीमारियां और डायबिटीज जैसी कई तरह की बीमारियों का खतरा बना रहता है।
  • दांतों के लिए है हानिकारक: चॉकलेट और कुकीज़ में मौजूद चीनी से दांतों में कैविटी हो सकती है। ये दांतों पर चिपक जाती है, जिससे बैक्टीरिया पैदा होते हैं। यह बच्चों के दांतों के लिए बहुत हानिकारक होता है।
  • चिड़चिड़ापन और नींद की समस्या: चॉकलेट और कुकीज़ में मौजूद चीनी और कैफीन बच्चों के व्यवहार पर असर डाल सकते हैं। इससे वे बहुत ज़्यादा हाइपरएक्टिव हो सकते हैं और चिड़चिड़ा महसूस कर सकते हैं। साथ ही, इससे उनकी नींद पर भी असर पड़ता है।

0 ऐसे छुड़ाएं आदत-  ऐसे तो बच्चों को चॉकलेट और कुकीज बहुत प्रिय होते हैं, इसलिए इसे आप पूरी तरह बंद नहीं कर सकते, पर इसकी मात्रा को कम कर सकते हैं। आप बच्चों के लिए नियम तय करें और उन्हें बताएं कि इन्हें कब और कितनी मात्रा में खाना है। आप उन्हें चॉकलेट और कुकीज़ की जगह कुछ सेहतमंद विकल्प दे सकते हैं, जैसे- ताज़े फल, ड्राई फ्रूट्स, नट्स, गुड़ की कुकीज़, होममेड ओट्स कुकीज़, या बेक्ड स्नैक्स।

Search

Archives