चिलचिलाती धूप, गर्मी और उमस में घमौरियों का होना एक आम बात है। ये सबसे ज्यादा गर्दन, पेट और पीठ पर नजर आती हैं। ये बेहद खुजली और जलन भी पैदा करती हैं। गर्मियों में घमौरियों से बचने के लिए आहार में अधिक से अधिक कच्चे प्याज, आम और एलोवेरा का प्रयोग करें। कच्चा प्याज गर्मी को कम करता है साथ ही हीट स्ट्रोक से भी बचाता है।
घमोरियों से बचने के घरेलू उपाय
खीरा : खीरे में शरीर को ठंडा रखने का शक्तिशाली गुण हैं। जो कि घमौरी से बचने के लिए एक कारगर उपाय है। एक गिलास पानी में नींबू का रस निचोड़ दें और इसी पानी में खीरे के पतले पतले टुकड़े काटकर डाल दें। इसके बाद इन टुकड़ों को घमोरियों वाली जगह पर लगाएं। ऐसा करने से घमोरियां जल्दी ठीक हो जाती हैं और खुजली तथा जलन से भी राहत मिलती है।
आम : कच्चा आम शरीर की गर्मी को ठंडा करने में बेहद प्रभावशाली है। कच्चे आम को धीमी आंच में भूनकर इसके गूदे को शरीर पर लेप करने से घमोरियां दूर हो जाती है। इसके अलावा कच्चे आम के पने का भी दिन में 2 बार सेवन बेहद असरकारक है।
मुल्तानी मिट्टी : मुल्तानी मिट्टी घमोरी की जलन से निजात दिलाती है और खुजली भी मिटाती है। इसके लिए 5 चम्मच मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर लेप बनाएं और इस लेप को घमोरी पर दिन में एक बार लगाएं।
एलोवेरा : एलोवेरा के पत्तों का गूदा दिन में दो बार घमौरियों वाले स्थान पर लगाएं और इसे 20 मिनट तक लगा रहने दें और उसके बाद धो दें। ऐसा करने से घमौरियां ठीक हो जाएंगी।
बर्फ: घर में उपलब्ध बर्फ को घमौरियों वाले स्थान पर लगाने से घमोरियां ठीक हो जाती हैं।
नारियल : नारियल के तेल में कपूर को मिक्स करके पूरे शरीर पर मालिश करने से घमौरियां दूर हो जाती हैं।
नीम: घमौरियों से बचने के लिए नीम की पत्तियों को पानी में उबालकर नहाना चाहिए। इससे घमौरियां दूर हो जाएंगी।
चंदन का पाउडर : चंदन के पाउडर को पाउडर की तरह घमौरियों पर लगाने से राहत प्राप्त होती है। इसके अलावा चंदन के पाउडर में पानी मिलाकर इसका लेप बनाकर घमोरी पर लगाने से घमोरी दूर हो जाती है। गुलाब जल में चंदन और कपूर को घिसकर घमौरियों पर लगाने से भी राहत मिलती है।
तुलसी : तुलसी की लकड़ी को पीसकर इसके चूर्ण का लेप घमौरियों पर लगाने से घमौरियां दूर हो जाती हैं।
खसखस : 20 ग्राम खसखस को पीसकर पानी में मिक्स करके घमौरियों पर लगाने से घमौरियां दूर हो जाती है।
अनानास : अनानास के गूदे को घमौरियों वाली जगह पर लगाने से रोगी को आराम मिलता है।
सरसों : 2 चम्मच सरसों के तेल में 2 चम्मच पानी मिलाकर सुबह और शाम मालिश करने से घमौरियां दूर हो जाती हैं।
संतरे का छिलका : संतरे के छिलकों को सुखाकर उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर को गुलाबजल में मिक्स करके घमौरियों वाली जगह पर लगाने से घमौरियां में बेहद लाभ प्राप्त होता है।
शुद्ध देसी घी : गाय या भैंस के शुद्ध देसी घी को घमौरियों वाली जगह पर लगाने से घमौरियां दूर हो जाती हैं।







