फरीदाबाद। फरीदाबाद में साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को अश्लील वीडियो कॉल के माध्यम से फंसाया और फिर उसे ब्लैकमेल करके 1.27 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अकरम को राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
साइबर थाने में सेक्टर-17 निवासी एक व्यक्ति ने दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसके पास एक अंजान नंबर से वीडियो काल आई, जिसमें एक लड़की ने कपड़े नही पहने हुए थे। इस वीडियो काल में शिकायतकर्ता का चेहरा आ गया था।
इसके बाद ठगों ने उसकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इससे वह डर गया और उसने यूपीआई के जरिये 1.27 लाख रुपये भेज दिए। आरोपी उससे और पैसों की मांग करने लगे, लेकिन उसने मना कर दिया। साथ ही उसे शक हो गया तो इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर अकरम को राजस्थान के भरतपुर के कठौल गांव से गिरफ्तार किया है।







