Home » सीआरपीएफ जवान की गोली मारकर हत्या, 2 दिन पहले बेटा पैदा हुआ, पत्नी अभी भी अस्पताल में
हरियाणा

सीआरपीएफ जवान की गोली मारकर हत्या, 2 दिन पहले बेटा पैदा हुआ, पत्नी अभी भी अस्पताल में

छत्तीसगढ़ से एक माह की छुट्टी पर आया था

सोनीपत। सोनीपत के गांव खेड़ी दमकन में छुट्टी पर आए सीआरपीएफ के जवान कृष्ण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार की रात 12ः50 बजे हुई। दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया और भाग गए। कृष्ण अपने साथियों के साथ गांव के पास जौली रोड पर गए थे। बताया जाता है कि हमलावरों ने डाक कांवड़ लाने के दौरान हुई कहासुनी की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया है।

गांव खेड़ी दमकन के कृष्ण सीआरपीएफ में कार्यरत थे और उनकी छत्तीसगढ़ में ड्यूटी थी। वह 16-17 जुलाई को छुट्टी लेकर घर आए थे और अपने साथियों के साथ हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने गए थे। गांव का दूसरा ग्रुप भी कांवड़ लेने गया था। 22 जुलाई को डाक कांवड़ लेकर लौटते समय कृष्ण की दूसरे ग्रुप के युवकों से कहासुनी हो गई थी।

दो दिन पहले जन्मा था बेटा

कृष्ण की पत्नी ने दो दिन पहले ही बेटे को जन्म दिया था। पत्नी व बेटा गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कालेज के अस्पताल में हैं।

रविवार रात को वे भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कालेज में दाखिल पत्नी से मिलकर घर लौटे थे। इसके बाद तीन दोस्तों के साथ गांव में जौली मार्ग पर टहलने चले गए। वहां पर गांव के दो युवक गाड़ी में आए। एक युवक ने कहासुनी की रंजिश में पिस्तौल निकालकर कृष्ण की छाती में गोली मार दी और उसकी मौके पर मौत हो गई। कृष्ण के साथियों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन ने पुलिस को बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

घटना के बाद से गांव में रोष है। वारदात को लेकर गांव खेड़ी दमकन के निशांत व अजय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता रवींद्र का कहना है कि वारदात को संवेदनशीलता से लेते हुए जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Search

Archives