सुदीप्तो सेन 2023 में खूब चर्चे में रहे, जिसकी वजह थी उनकी फिल्म ‘द केरल स्टोरी’। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था और दर्शकों ने भी इस फिल्म की खूब सराहना की थी। अब सुदीप्तो सेन एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
इस बार निर्देशक ग्रामीण इलाकों में महोत्सव या मेला के नाम पर फैले तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास पर सवाल उठाती फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका नाम है ‘चरक’। पिछले दिनों ही ‘चरक’ का ट्रेलर जारी किया गया था, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। ट्रेलर में रूढ़ीवादिता, तंत्र-मंत्र, मानव बली और अंधविश्वास से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं।
चरक के ट्रेलर में क्या है? : सुदीप्तो सेन की नई फिल्म चरक के ट्रेलर की शुरुआत गांव में बच्चों के गायब होने से होती है। एक बच्चे के माता-पिता अपने गायब हुए बच्चे की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचते हैं। दूसरी तरफ जंगल में कुछ अघोरी बाबा तंत्र-मंत्र की क्रिया करते नजर आते हैं। ट्रेलर में आगे गांव में आयोजित होने वाले चरक मेले को दिखाया जाता है, जहां लोग अंधविश्वास से जुड़ी और तांत्रिक क्रिया करते हैं। इस मेले को लेकर गांव के लोगों में गहरी आस्था है। जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, और डार्क और डरावना होता जाता है। इसी बीच ये ट्रेलर सवाल खड़े करता है कि आखिर ये बच्चे कहां गायब हो रहे हैं? बच्चों के गायब होने के पीछे चरक मेले का क्या रोल है? बहरहाल ये ट्रेलर पूरी तरह से हैरान करने वाला है।
तांत्रिक जगत का रहस्य : चरकः फेयर ऑफ डेथ का ट्रेलर तंत्र जगत के रहस्य और अनसुलझे पहलुओं को तलाशने की कोशिश करती है। ट्रेलर में तंत्र-मंत्र की अलग-अलग विधाओं और विद्याओं को दिखाया गया है और अघोरी से लेकर बली देने की प्रथा तक पर प्रकाश डालने की कोशिश की गई है। बता दें, चरक मेला एक ऐसा पारंपरिक उत्सव है जो गहरी आस्था के साथ-साथ खतरनाक रस्मों के इर्द-गिर्द भी घूमता है। इसे मनोकामनाओं की पूर्ति का भी जरिया माना जाता है।
सीबीएफसी ने जताई थी आपत्ति : बता दें, चरक की विषयवस्तु को लेकर शुरुआत में सीबीएफसी ने आपत्ति जताई थी, लेकिन फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद इसे हरी झंडी मिल गई है। फिल्म को रिलीज की मंजूरी देने से पहले उच्च समीक्षा पैनल के पास भेजा गया था, जिसके बाद कुछ बदलावों के साथ फिल्म को रिलीज किए जाने की मंजूरी मिल गई। फिल्म में अंजली पाटिल, शशि भूषण, साहिदुर रहमान, सुभ्रत दत्ता, शंखदीप और शौनक श्यामल जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण धवल जयंतीलाल गडा और सिपिंग टी सिनेमा ने सुदीप्तो सेन प्रोडक्शंस के सहयोग से किया है।







