बॉलीवुड के कई सितारे साउथ का रुख कर रहे हैं। इस लिस्ट में एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा का नाम भी जुड़ गया है। वे तेलुगु फिल्म ‘जटाधारा’ से साउथ इंडस्ट्री में कदम रख रही हैं। इस साल महिला दिवस के अवसर पर फिल्म की पहली झलक दिखाई गई थी। अब सोनाक्षी ने अपडेट दिया है कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है।
पूरी की फिल्म की शूटिंग- सोनाक्षी सिन्हा ने आज इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर कर फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी है। उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ लिखा है, ‘और एक और फिल्म पूरी हुई!!! फिल्म ‘जटाधारा’ की शूटिंग मैंने पूरी कर ली है। मेरी पहली तेलुगु फिल्म… और मेरी टीम ने इस पर कमाल कर दिया!!! बहुत मजा आया, बहुत धमाल किया… मुझे बेसब्री से इंतजार है कि आप लोग इसे देखें और प्रतिक्रिया दें’।
पूरी टीम को कहा धन्यवाद- ‘जटाधारा’ एक सुपरनैचुरल फैंटेसी थ्रिलर फिल्म है। यह एक्शन और सस्पेंस से भरपूर फिल्म बताई जा रही है। ‘जटाधारा’ पौराणिक कथाओं पर आधारित फिल्म है। इसमें सुधीर बाबू भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन वेंकट कल्याण कर रहे हैं। शिल्पा शिरोडकर भी फिल्म का हिस्सा हैं। सोनाक्षी सिन्हा ने शिल्पा शिरोडकर, फिल्म के निर्माता-निर्देशक और पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया है।







