अभिनेता राजपाल यादव कल मंगलवार को तिहाड़ से रिहा हो गए। उन्होंने सपोर्ट करने के लिए इंडस्ट्री और फैंस का आभार जताया है। साथ ही जेल अधिकारियों से अपील की है कि एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन की तर्ज पर जेल में भी स्मोकिंग रूम होने चाहिए।
अभिनेता राजपाल यादव ने जेल से रिहाई के बाद मुश्किल वक्त में साथ खड़े होने के लिए इंडस्ट्री और प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक राजपाल यादव ने जेल से रिहा होने के बाद आज बुधवार को फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों को उनके सपोर्ट के लिए शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्होंने जेल अधिकारियों से जेल के अंदर स्मोकिंग रूम बनाने की अपील भी की।
चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद शाहजहांपुर जिले में अपने पुश्तैनी गांव में पीटीआई से बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें लोगों से बहुत प्यार मिला। एक्टर ने आगे कहा, ‘रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट की तरह जेलों के अंदर भी स्मोकिंग के लिए खास जगह होनी चाहिए’।
एक्टर बोले- ‘कानून सबसे ऊपर’ : अभिनेता ने इस बात पर भी जोर दिया कि जेलों को सुधार सेंटर की तरह काम करना चाहिए, जहां कैदियों को बदलने के लिए सही मौके दिए जाने चाहिए। हालांकि, जो लोग सुधार नहीं करना चाहते, उनके लिए कानून सबसे ऊपर है। उन्होंने आगे कहा, ‘बाहर से यह तय करना अक्सर मुश्किल होता है कि कौन पक्का अपराधी है और किसने एक बार की गलती की है’।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में देंगे सवालों के जवाब : राजपाल ने कहा, ‘मेरे वकील भास्कर उपाध्याय सभी कानूनी सवालों का ऑफिशियली जवाब देंगे’। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार में शादी होने की वजह से वह अगले दो दिनों तक मीडिया से बात नहीं करेंगे और बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सवालों के जवाब देंगे। राजपाल यादव ने कहा कि वह भारत में पैदा हुए। उन्होंने कभी अपना पासपोर्ट नहीं बदला और अपने गांव में वोटर बने रहे।
‘सहानुभूति नहीं, बल्कि समय चाहिए’ : एक्टर ने कहा, ‘मैं अपनी कमाई बढ़ाना चाहता हूं। अपनी करेंसी नहीं बदलना चाहता’। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सहानुभूति नहीं, बल्कि समय चाहिए। अगर उनकी तस्वीरों या वीडियो से दूसरों को फायदा होता है तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, ‘राजपाल यादव पर हंसो या राजपाल यादव की वजह से हंसो’। अपनी स्मोकिंग की आदत के बारे में बात करते हुए एक्टर ने कहा कि उन्होंने कई बार इसे छोड़ने की कोशिश की है और साफ किया कि वह तंबाकू के इस्तेमाल को बढ़ावा नहीं दे रहे हैं। बता दें कि चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को 18 मार्च तक अंतरिम जमानत दी है। वे न सिर्फ अपनी भतीजी की शादी में शामिल हो सकेंगे, बल्कि होली का त्योहार भी परिवार के साथ सेलिब्रेट कर पाएंगे।







