प्रयागराज के माघ मेले में हाल ही में एक लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह लड़की नीम का दातुन बेचने आई है और उसका नाम बासमती बताया जा रहा है। उसकी सादगी, मासूमियत और कजरारी आंखों ने लोगों का दिल छू लिया, और अब लोग उसे नई मोनालिसा और सपना जैसे नामों से पुकार रहे हैं।
बासमती की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि उसे देखकर लोग सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें बनाने लगे हैं। वह अक्सर बड़े पारंपरिक आभूषण पहने दिखती हैं, मोटी मालाएं, तीन नथें, कुंडल और पारंपरिक मेकअप उनकी पहचान बन चुके हैं। उनके पीछे खड़ी भीड़ और वीडियो बनाते लोग अब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गए हैं।
काम पर पड़ने लगा असर : वीडियो वायरल होने का असर बासमती के काम पर पड़ने लगा है। अब लोग सामान खरीदने की बजाय वीडियो बनाने में अधिक रुचि दिखाते हैं। कई बार तो भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि वह अपना सामान नहीं बेच पातीं, और काम पूरी तरह से ठप हो जाता है। यह स्थिति कुछ हद तक पहले महाकुंभ में वायरल हुई मोनालिसा के अनुभव से मिलती-जुलती है। शुरुआत में उनका काम भी प्रभावित हुआ था, लेकिन बाद में उनकी लोकप्रियता ने उन्हें बॉलीवुड फिल्मों में काम करने का मौका दिलवाया। अब मोनालिसा की फिल्म की शूटिंग चल रही है, और उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है।
लोग कर रहे मोनालिसा से तुलना : बासमती के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग सवाल कर रहे हैं कि किसी आम इंसान का वीडियो बनाकर वायरल करना सही है या नहीं, जबकि कुछ लोग बासमती के भविष्य के लिए उम्मीदें जता रहे हैं। उनका मानना है कि अगर बासमती को सही दिशा में मौके मिले, तो वह भी अपना नाम ऊंचा कर सकती हैं। इससे पहले प्रयागराज से ही महाकुंभ के दौरान एक लड़की मोनाली भोसले की तस्वीरें वायरल हुई थीं। चंद तस्वीरों ने मोनाली को एक नया नाम मोनालीसा दिया था और स्टार बना दिया था। अब मोनाली इन दिनों मुंबई में ग्लैमर की दुनिया में अपनी पहचान तलाश रही हैं।







