अनुपम खेर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की स्पेशल स्क्रीनिंग आज राष्ट्रपति भवन में होनी है। इसके लिए फिल्म की कास्ट राष्ट्रपति भवन पहुंची। इसमें फिल्म के निर्देशक और एक्टर अनुपम खेर के साथ बोमन ईरानी, करण टैकर और फिल्म में तन्वी का किरदार निभाने वाली शुभांगी दत्त राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। बता दें ऑटिज्म और इंडियन आर्मी पर आधारित अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ लगातार सुर्खियों में है। ये फिल्म 18 जुलाई को रिलीज होने जा रही है।
फिल्म की आधिकारिक रिलीज़ से पहले राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए यह स्क्रीनिंग आयोजित की गई है। स्क्रीनिंग के लिए अनुपम खेर काले रंग के और बोमन ईरानी भूरे रंग के सूट में पहुंचे। तन्वी की मुख्य भूमिका निभाने वाली शुभांगी और करण टैकर भी इस खास मौके पर बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आए।
कई फिल्म फेस्टिवल में हो चुकी है फिल्म की स्क्रीनिंग
ऑटिज्म और भारतीय सेना पर केंद्रित इस फिल्म को कान, न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और लंदन में आयोजित फिल्म फेस्टिवल में पहले ही काफी तारीफें मिल चुकी हैं।
अनुपम खेर बोले- सम्मानित महसूस कर रहा हूं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा फिल्म देखे जाने को लेकर अनुपम खेर ने स्क्रीनिंग से पहले ही कहा था कि उन्हें बेहद सम्मानित महसूस हो रहा है। ऑटिज्म और भारतीय सेना पर केंद्रित इस फिल्म को सशस्त्र बलों की कमांडर-इन-चीफ से बेहतर कौन प्रदर्शित कर सकता है? एक नेता के रूप में वह शालीनता और अग्रणी नेतृत्व की प्रतिमूर्ति हैं। हम सभी बेसब्री से उनके द्वारा फिल्म देखने का इंतजार कर रहे हैं।







