Home » पति के लिए हेमा मालिनी का भावुक पोस्ट, जानें क्या लिखा
मनोरंजन

पति के लिए हेमा मालिनी का भावुक पोस्ट, जानें क्या लिखा

बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र के जाने की खबर ने पूरे देश का दिल तोड़ दिया। सोमवार की सुबह जब यह खबर सामने आई कि दिग्गज अभिनेता  धर्मेंद्र  89 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए, तभी से सोशल मीडिया, फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैन्स में एक गहरा सन्नाटा छा गया। इतने सालों से लोगों के दिलों पर राज करने वाले इस सुपरस्टार की विदाई ने सभी को भावुक कर दिया।

अब धरम जी के निधन के तीन दिन बाद उनकी पत्नी एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने धरम जी के साथ अपने रिश्ते, भरोसे और साथ की बातें इतनी दिल से कही कि पढ़ने वाला भी रो पड़े। हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में अपनी बेटियों का भी जिक्र किया।

उन्होंने लिखा, “धरम जी ❤️ वो मेरे लिए बहुत कुछ थे। हमारे दो बेटियों ईशा और अहाना के प्यार करने वाले पिता, एक बेहद स्नेही पति, दोस्त, दार्शनिक, मार्गदर्शक, कवि और वो इंसान जिनके पास मैं हमेशा हर मुश्किल समय में सबसे पहले जाती थी। सच कहूं तो वो मेरे लिए सब कुछ थे! और अच्छे-बुरे हर वक्त में हमेशा मेरे साथ रहे। वो अपनी सहज, दोस्ताना प्रकृति से मेरे पूरे परिवार को अपना बना लेते थे, हमेशा सभी के लिए प्यार और अपनापन दिखाते थे, उनकी बातों में दिलचस्पी लेते थे। एक मशहूर शख्सियत होने के बावजूद, उनकी प्रतिभा, उनकी सादगी और हर किसी को अपनी ओर खींच लेने वाला स्वभाव उन्हें बाकी सारे दिग्गज कलाकारों से अलग और बिल्कुल खास बनाता था। फिल्म इंडस्ट्री में उनकी शोहरत और उपलब्धियां हमेशा अमर रहेंगी। मेरी निजी क्षति ऐसी है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, और जो खालीपन बना है, वह मेरी पूरी जिंदगी भर महसूस होगा। इतने साल साथ रहने के बाद, अब मेरे पास बस ढेरों यादें हैं, जिन्हें मैं बार-बार जीकर हमारे खास पलों को महसूस कर सकूं…”

धर्मेंद्र जी की अंतिम यात्रा- 24 नवंबर को मुंबई के पवन हंस श्मशान में धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के सभी सदस्य इस मुश्किल घड़ी में एकजुट नजर आए। पिछले कुछ समय से धर्मेंद्र की तबीयत ठीक नहीं थी। 10 नवंबर को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि दो दिन बाद उन्हें घर ले जाया गया ताकि उनका इलाज परिवार की देखरेख में हो सके। लेकिन 24 नवंबर की सुबह उन्होंने दुनिया से विदा ले ली।

एक ऐसा सितारा जो हमेशा चमकेगा- धर्मेंद्र सिर्फ एक एक्टर नहीं, बल्कि वह चेहरा थे जिन्होंने कई पीढ़ियों को रोमांस, एक्शन और सिनेमा का एक नया रूप दिखाया। ‘ही-मैन ऑफ इंडियन सिनेमा’ कहलाने वाले धर्मेंद्र ने 60 से ज्यादा सालों तक लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखी।

Search

Archives