सिनेमाघरों में शुक्रवार को ‘मैं वापस आऊंगा’, ‘भारत भाग्य विधाता’ और ‘गर्वनर’ जैसी फिल्में रिलीज हुई हैं। पहले दिन फिल्मों ने कुछ खास कमाल नहीं किया। दूसरे दिन इन फिल्मों को वीकएंड का फायदा मिला और इनकी कमाई में मामूली बढ़त देखने को मिली है। खास बात यह है कि 12 जून को ही सिनेमाघरों में हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी’ भी रिलीज हुई। यह फिल्म इन तीनों फिल्मों पर भारी पड़ रही है। वहीं पेद्दी ने 10 दिनों में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
मैं वापस आऊंगा : इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। शनिवार को इस फिल्म को वीकएंड का फायदा मिलता नहीं दिख रहा है। दूसरे दिन इसने बॉक्स ऑफिस पर 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। ओपनिंग डे पर इसने 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसका टोटल कलेक्शन तीन करोड़ रुपये हो गया है। बंटवारे के दर्द को दिखाती इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी वाघ ने अदाकारी की है।
भारत भाग्य विधाता : कंगना रनौत की अदाकारी वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ भी सिनेमाघरों में 12 जून को रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की शुरुआत धीमी रही। वीकएंड पर इसकी कमाई में मामूली बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को इसने 1.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। ओपनिंग डे पर इसने सिर्फ एक करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसका टोटल कलेक्शन 2.45 करोड़ रुपये हो गया है।
गर्वनर : मनोज बाजपेयी की अदाकारी वाली फिल्म ‘गर्वनर’ की रिलीज को दो दिन हो चुके हैं। दूसरे दिन इसने 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। ओपनिंग डे पर इसने इसने बॉक्स ऑफिस पर 90 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। इसका कुल कलेक्शन 2.05 करोड़ रुपये हो गया है। यह फिल्म 1991 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर बनी है। इसके निर्देशक चिन्मय मांडलेकर हैं।
हॉन्टेड 3डी- इकोज ऑफ द पास्ट : 12 जून को‘भारत भाग्य विधाता, ‘मैं वापस आऊंगा’ और ‘गवर्नर’ रिलीज हुई। इन्हीं फिल्मों के साथ सिनेमाघरों में ‘हॉन्टेड 3डी’ रिलीज हुई। इसने तीनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर पीछे छोड़ दिया है। पहले दिन इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं दूसरे दिन इस फिल्म की कमाई 3.25 करोड़ रुपये रही। दो दिनों में फिल्म का कलेक्शन 5.75 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह से इस फिल्म ने तीनों फिल्मों से ज्यादा कमाई की है।
पेद्दी : राम चरण और जान्हवी कपूर की अदाकारी वाली फिल्म ‘पेद्दी’ ने दसवें दिन भी अच्छा कलेक्शन किया है। शनिवार को इसने 8.10 करोड़ रुपये की कमाई की है। शुक्रवार को इसने 5.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसका टोटल कलेक्शन 206.80 करोड़ रुपये हो गया है।
है जवानी तो इश्क होना है : वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की अदाकारी वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने नौवें दिन 2.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। आठवे दिन इसने 1.85 करोड़ रुपये कमाए थे। इसका कुल कलेक्शन 40.95 करोड़ रुपये हो गया है।