Home » प्रेमानंद महाराज के दरबार में झूमे मशहूर सिंगर कैलाश खेर, अब तक कई सेलिब्रिटी लगा चुके हैं हाजिरी
मनोरंजन

प्रेमानंद महाराज के दरबार में झूमे मशहूर सिंगर कैलाश खेर, अब तक कई सेलिब्रिटी लगा चुके हैं हाजिरी

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दरबार में सिर्फ आम भक्तों का ही नहीं, दिग्गजों का भी जमावड़ा लगता रहता है। अनुष्का शर्मा-विराट कोहली से लेकर बी-प्राक तक, प्रेमानंद महाराज के दरबार में अब तक कई सेलिब्रिटी हाजिरी लगा चुके हैं।

अब इन सेलेब्स की लिस्ट में मशहूर सिंगर कैलाश खेर का नाम भी शामिल हो गया है। कैलाश खेर शुक्रवार को प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे, जहां  उन्होंने अपनी गायकी से पूरा माहौल भक्तिमय कर दिया। उन्होंने डांस करते हुए महादेव का भजन गाया और फिर मीरा बाई के भी भजन सुनाए, जिसके बाद संत प्रेमानंद महाराज ने उनकी गायकी और आवाज की प्रशंसा की और उन्हें आशीर्वाद दिया।

संत प्रेमानंद महाराज के दरबार में कैलाश खेर :  सूफी गायक कैलाश खेर अपने पूरे परिवार के साथ शुक्रवार सुबह संत प्रेमानंद के आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने भजन प्रस्तुत किए। पहले उन्होंने ‘बम लहरी’ गाया, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया और इसके बाद  मीराबाई के भजन ‘पांच बरस की मीरा लाडली सखियों में खेलन जाए री’ गाया, जिसने पूरे वातावरण में प्रेम रस घोल दिया। भजन गाते हुए कैलाश खेर इस कदर भावुक हो गए कि अपनी जगह पर खड़े-खड़े ही नृत्य करने लगे। भोलेनाथ और फिर मीराबाई के भजन सुनकर संत प्रेमानंद महाराज भी खुश हो गए। इससे एक दिन पहले कैलाश खेर ने बांकेबिहारी के दर्शन किए और पूजा की।

बताई नामजप की महिमा :  प्रेमानंद महाराज ने कैलाश खेर की आवाज और भजन की तारीफ की और उन्हें आशीर्वाद दिया। इसी के साथ उन्होंने सिंगर को नामजप की महिमा बताई और कहा कि जिस तरह मिश्री शरीर के पित्त को शांत रखने में मदद करती है, वैसे ही निरंतर नामजप से सभी तरह के विकार मिट जाते हैं और जीवन में अमृत घुल जाता है। कैलाश खेर भी शांत भाव से बैठे महाराज जी की बात सुनते दिखे।

प्रेमानंद महाराज को पहनाई मोर पंखी माला :  प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे कैलाश खेर ने उन्हें एक बहुत ही खूबसूरत उपहार भी दिया। उन्होंने प्रेमानंद महाराज को मोर पंखी माला पहनाते हुए उनका अभिवादन किया। प्रेमानंद महाराज और कैलाश खेर की मुलाकात और भजन संध्या के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखने के बाद लोग कैलाश खेर की सादगी और श्रद्धा भाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Search

Archives