नई दिल्ली। राजधानी में विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने पत्रकारों से प्रदर्शन स्थल पर अपनी पहचान स्पष्ट रखने और पुलिस की कार्रवाई या आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं डालने की अपील की है।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “स्टोरी मायने रखती है, लेकिन उसे हासिल करने का तरीका भी मायने रखता है।”आईडी कार्ड साथ रखना और दिखाना जरूरी
दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन की कवरेज के लिए मौके पर पहुंचने वाले पत्रकार अपने संस्थान की ओर से जारी वैध पहचान पत्र जरूर साथ रखें। इसके अलावा वैध पीआईबी या डीआईपी मान्यता कार्ड रखने वाले पत्रकार उसे भी साथ रख सकते हैं। पुलिस ने पहचान पत्र को ऐसी जगह प्रदर्शित करने की सलाह दी है, जहां मौके पर मौजूद कानून-व्यवस्था संभाल रहे सुरक्षाकर्मी आसानी से पत्रकारों की पहचान कर सकें।
पुलिस की कार्रवाई में नहीं बने बाधा
एडवाइजरी में पत्रकारों से कहा गया है कि प्रदर्शन की कवरेज के दौरान उनकी मौजूदगी या गतिविधियों से पुलिस के कामकाज और कानून-व्यवस्था संभाल रहे जवानों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए।







