नई दिल्ली/एनसीआर। बीते कुछ दिनों से तपिश सूरज की तपिश झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गुरुवार दिन में बारिश की फुहारों और काली घटाओं ने राहत दी। हालांकि गुरुवार को दोपहर में आंधी और बारिश होने के लगभग डेढ़ घंटे बाद फिर से तेज हवा और बारिश शुरू हो गई।
दिल्ली के पूर्वी जिले और नई दिल्ली में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। इससे बीते कई दिनों से चल रही गर्मी से लोगों को राहत मिल गई है।
सोनीपत में बदला मौसम, धूल भरी हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू : एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में एक बार फिर परिवर्तन आया है। बृहस्पतिवार सुबह से जहां दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपिश लोगों के पसीने छुड़ा रही थी, वहीं दोपहर को आसमान में अचानक बादल घिर आए और धूल भरी हवाओं के साथ कुछ ही देर में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। खरखौदा में जहां बूंदाबांदी हो रही है, वहीं सोनीपत शहर में भी कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बूंदाबांदी हुई है। मौसम विशेषज्ञों ने धूल भरी आंधी के साथ वर्षा होने के आसार जताए हैं।







