Home » स्पीडबोट हादसा : वियतनाम से 16 भारतीय पर्यटक लौट रहे भारत, एक अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी से जंग
दिल्ली-एनसीआर

स्पीडबोट हादसा : वियतनाम से 16 भारतीय पर्यटक लौट रहे भारत, एक अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी से जंग

नई दिल्ली। दक्षिणी वियतनाम के मशहूर पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की जान चली गई। समुद्र में घूमने निकले भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट अचानक पलट गई, जिससे खुशियों भरा सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। अधिकारियों के मुताबिक, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर समेत कुल 36 लोग सवार थे। हादसे के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद भारतीय दूतावास ने गहरा दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में बचाए गए 16 भारतीय पर्यटक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद स्वदेश लौट रहे हैं। वहीं हादसे में जीवित बचे एक भारतीय पर्यटक का अब भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी।

हादसा कब और कैसे हुआ? :  भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि शनिवार को फु क्वोक द्वीप के पास होन मे रुट नगोआई क्षेत्र के निकट एक स्पीडबोट पलट गई थी। इस स्पीडबोट में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार स्थानीय चालक दल के सदस्य शामिल थे।
कितने लोगों को बचाया गया? :  हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें 17 भारतीय पर्यटक और चारों स्थानीय चालक दल के सदस्य शामिल थे। बचाए गए पर्यटकों में दो की हालत गंभीर थी।
भारतीय दूतावास ने क्या जानकारी दी? :  हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हादसे में बचाए गए 15 पर्यटकों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वे भारत लौट रहे हैं। गंभीर रूप से घायल दो मरीजों में से एक को भी अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह भारत के लिए रवाना हो गया है। जबकि दूसरा घायल अब भी फु क्वोक के एक अस्पताल में उपचाराधीन है।

दूतावास की टीम क्या कर रही है? :  भारतीय दूतावास ने बताया कि दूतावास और वाणिज्य दूतावास की टीमें फु क्वोक में मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

फु क्वोक द्वीप क्यों है खास? :  फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है और अपने सफेद रेतीले समुद्र तटों, खूबसूरत कोरल रीफ और आइलैंड हॉपिंग जैसी पर्यटन गतिविधियों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। बताया जा रहा है कि सभी भारतीय पर्यटक द्वीप भ्रमण के बाद वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

कहां के रहने वाले थे मृतक ? :  भारतीय दूतावास की ओर से साझा की गई सूची के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के रहने वाले थे। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी 15 शव बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल हादसे की सटीक वजह का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है।

Search

Archives