दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव के चलते ईंधन के बढ़ते दामों के बीच सोमवार सुबह एक राहत भरी खबर सामने आई है। जिसके बाद आने वाले समय में डीजल-पेट्रोल और एलपीजी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है।
दरअसल, रविवार को तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 3.9 प्रतिशत गिरकर $84 प्रति बैरल पर आ गया, जबकि यूएस क्रूड 4.8 प्रतिशत गिरकर लगभग $81 प्रति बैरल हो गया। यह गिरावट ट्रंप के उस एलान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच में समझौता पूरा हो गया है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब बिना टोल के खोल दिया जाएगा।
ट्रंप ने लिखा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। मैं इसके जरिए होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी शुल्क के खोलने की पूरी मंजूरी देता हूं। साथ ही, अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने का भी आदेश देता हूं। दुनिया भर के जहाज़ों, अपने इंजन चालू करो। तेल का प्रवाह शुरू होने दो!”
होर्मुज दुनिया के ट्रेड का एक अहम रास्ता
होर्मुज जलडमरूमध्य, जहां से दुनिया का काफी तेल शिपमेंट गुजरता है। फरवरी के आखिर में शुरू हुए टकराव के बाद से यह बंद रहा है। ईरान के एक सांसद के अनुसार, कुछ कमर्शियल जहाज इस जलमार्ग से गुजरने के लिए औसतन लगभग 2 मिलियन डॉलर का भुगतान करते थे।







