नई दिल्ली। CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने आज दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने इस प्रदर्शन का नाम- ‘लहरा दो तिरंगा’ रखा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने CJP के इस मार्च से लोगों को दूर रहने की अपील की है। कनॉट प्लेस में निषेधाज्ञा लागू है।
आज एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर कॉकरोच जनता पार्टी उतरने जा रही है। CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में आज शाम 5 बजे तिरंगा मार्च का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी और लेफ्ट छात्र संगठनों AISA और SFI का भी समर्थन मिल रहा है। CJP के तिरंगा मार्च ऐलान के बाद कनॉट प्लेस के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 2 दिनों के लिए बंद
दिल्ली पुलिस ने तिरंगा मार्च की परमिशन नहीं दी है। इससे पहले पुलिस ने CJP के 11 लोगों को तिरंगा मार्च निकालने को कहा था लेकिन CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने पुलिस के प्रपोजल को ठुकरा दिया जिसके बाद NDMC ने सेंट्रल पार्क को 2 दिनों के लिए बंद कर दिया है। सीपी आने वाले सभी रास्तों के ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने कनॉट प्लेस की पुख्ता किलेबंदी की है।
दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस थमाया
अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस थमाया है और कनॉट प्लेस न जाने को कहा है। पुलिस यह नोटिस देने आई है कि कनॉट प्लेस इलाके में BNSS की धारा 163 लगी हुई है, ऐसे में वहां तिरंगा यात्रा न निकालें। इस दौरान दिपके ने कहा, ”हमने तो बोला ही नहीं है कि हम रैली या प्रोटेस्ट करेंगे। हमने तो बोला है बस तिरंगा लहराएंगे। क्या तिरंगा ले जाना कानून के खिलाफ है?”







