Home » एलपीजी सिलेंडर विस्फोट से ढहा मकान, कई लोग दबे, छह घायलों को मलबे से निकाला गया 
दिल्ली-एनसीआर

एलपीजी सिलेंडर विस्फोट से ढहा मकान, कई लोग दबे, छह घायलों को मलबे से निकाला गया 

मौके पर फायर ब्रिगेड मौजूद

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट के बाद एक मंजिला मकान ढह गया। हादसे के समय मकान में मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव दल ने अब तक छह घायलों को मलबे से बाहर निकाल लिया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

यह हादसा भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते मकान की छत तथा दीवारें भरभराकर गिर गईं। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पुलिस तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल विभाग के अनुसार, सुबह 9.37 बजे इमारत गिरने और विस्फोट जैसी आवाज आने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण यह हादसा हुआ।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनकी स्थिति के बारे में चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस के मुताबिक जिस भवन में हादसा हुआ, वहां बर्तन पॉलिश करने का कार्य भी किया जाता था।

बता दें, इससे पहले दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट एक बहुमंजिला इमारत गिरने की घटना में छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। मुकुंदपुर की ताजा घटना ने एक बार फिर राजधानी में भवन सुरक्षा और गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Search

Archives